आर्टिकल डाउनलोड करें आर्टिकल डाउनलोड करें

तो परिवार में एक नया सदस्य शामिल हो रहा है; बधाई हो! अधिकांश माता-पिता के मन में यही सवाल रहता है कि उनके घर बेटा आने वाला है या बेटी और उनके लिए 9 महीने तक इंतज़ार करना बहुत मुश्किल लगता है। हो सकता है कि आप भी अपने घर में आने वाले इस नए मेहमान के बारे में जल्द से जल्द जानना चाहते हों। लेकिन ख्याल रखें कि कानूनी तौर पर मेडिकली गर्भ में मौजूद लिंग की जांच पर रोक है , मगर आप कुछ घरेलू, दादी-नानी के बताए संकेतों से इसका अनुमान लगा सकते हैं। यदि आप अपने बच्चे का कमरा तैयार करने का सोच रहे हैं, लेकिन समझ नहीं आ रहा कि कमरे को नीला रंग दें या गुलाबी, तो आप सही जगह आ गए हैं। जी हाँ, अगर आप कुछ मजेदार नुस्खे, संकेतों के साथ केवल मजे के लिए अपने बच्चे का लिंग जानने की इच्छा रखते हैं, तो हमने आपके बच्चे के लिंग का निर्धारण करने के बारे में सभी संकेतों को समझने में आपकी मदद करने के लिए हर मिथक, पुरानी दाइयों की कहानी और चिकित्सा परीक्षण की छानबीन की है, जिससे आप काफी हद तक एक संभावना पर पहुँच सकते हैं।

विधि 1
विधि 1 का 2:

पुरानी चली आ रही अवधारणाएँ और लक्षण

आर्टिकल डाउनलोड करें
  1. कुछ लोगों का मानना ​​है कि लड़के और बच्चियों की खोपड़ी का आकार (skull shape) अलग-अलग होता है। इस सिद्धांत का आधार यह है कि गर्भ में मौजूद लड़कों के सिर बड़े, चौकोर होते हैं जबकि लड़कियों के सिर घुमावदार, गोल होते हैं। हालांकि, इस सिद्धांत का समर्थन करने के लिए कोई वैज्ञानिक प्रमाण (scientific evidence) तो नहीं है, लेकिन यह आपके बच्चे के लिंग का "अनुमान लगाने" का एक मजेदार तरीका हो सकता है। [१]
  2. पुरानी दाइयों की कहानी कहती है कि गर्भ में बच्चे की हृदय गति उसके लिंग का संकेत दे सकती है। मिथक के अनुसार, 140 से कम हृदय गति वाले शिशुओं के लड़के होने की संभावना अधिक होती है और 140 से ऊपर हृदय गति वाले शिशुओं के लड़कियों होने की संभावना अधिक होती है। चिकित्सा समुदाय ने लंबे समय से इस "पद्धति" का खंडन किया है। फिर भी, अपने बच्चे की हृदय गति पर ध्यान देने और उसके आधार पर अनुमान लगाने में कोई बुराई नहीं है। [2]
    • चूंकि एक बच्चा गर्भ में बढ़ता और विकसित होता है, इसलिए उसकी हृदय गति एक निश्चित सीमा में रहती है। यह सीमा बच्चे के लिंग पर निर्भर नहीं करती है।
  3. गर्भावस्था से जुड़ा ये एक आम मिथक बताता है कि बच्चे लड़के और लड़कियां अपनी मां के पेट को अलग तरह से आकार देते हैं। पुरानी दाइयों की कहानी के अनुसार, एक ऊंचे, उभरे हुए पेट का मतलब है कि बच्चा लड़का है, जबकि कम, समान रूप से बढ़े पेट का मतलब है कि बच्चा एक लड़की है। सच कहें तो, शिशु के लिंग से माँ के पेट का आकार नहीं बदलता; यह केवल इस बात पर निर्भर करता है कि बच्चा माँ के गर्भ में किस तरह से लेटा हुआ है। [3]
    • हालांकि, आपका पेट किस प्रकार बढ़ा है, ये देखने में कोई हर्ज भी नहीं है! केवल अपने पेट के आकार या शेप को इस बात के निश्चित प्रमाण के रूप में न लें कि आपके गर्भ में लड़का है या लड़की।
  4. कुछ का मानना ​​है कि आपके पेट पर रंजकता आपके बच्चे के लिंग का अनुमान लगा सकती है। अधिकांश गर्भवती महिलाओं में लिनिया नाइग्रा, एक रंजित (pigmented), लंबवत रेखा विकसित होती है जो उनके पेट के पार चलती है। एक मिथक के अनुसार, नाभि पर समाप्त होने वाली रेखा का अर्थ है कि आपके गर्भ में लड़की है, जबकि छाती तक जाती एक लंबी रेखा एक लड़के का प्रतिनिधित्व करती है। बेशक, इसका समर्थन करने के लिए कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है, लेकिन फिर भी इसकी जाँच करना मज़ेदार हो सकता है। [4]
  5. गर्भावस्था के कुछ मिथक लड़के के जन्म के साथ गहरे रंग के निप्पल (darker nipples) को जोड़ते हैं। वैसे यह सच नहीं है क्योंकि अधिकांश महिलाओं में गर्भावस्था के दौरान हार्मोनल परिवर्तनों के कारण निपल्स का रंग गहरा हो जाता है। [5] हालाँकि, यदि आप केवल मनोरंजन के लिए इस मिथक पर विश्वास करना चाहते हैं, तो आप जरूर कर सकती हैं!
    • वही हार्मोन जो आपके निपल्स के रंग को गहरा दिखाते हैं, वही आपके पेट पर लिनिया नाइग्रा लाइन भी बनाते हैं। साथ ही ये आपके तिल, मस्से जैसे बर्थमार्क और ब्यूटी मार्क्स के रंग को भी गहरा कर देते हैं।
  6. एक बड़े बाएं स्तन का मतलब माना जाता है कि आपके गर्भ में लड़की है। अपने स्तनों को महसूस करें और देखें कि क्या आपका एक स्तन दूसरे से बड़ा लगता है। दाइयों की कहानी के अनुसार, बाएँ स्तन का बड़ा होना गर्भ में एक लड़की होने को इंगित करता है, जबकि दाएँ तरफ के स्तन का बड़ा होना गर्भ में एक लड़के को दर्शाता है। बेशक, इस बात का असल में कोई सबूत नहीं है कि यह सच है, लेकिन सिर्फ मनोरंजन के लिए खुद को परखने में कोई हर्ज भी नहीं है। [6]
    • बड़े स्तनों का विकास गर्भावस्था का एक बहुत ही सामान्य दुष्प्रभाव (side effect) है, लेकिन आपके स्तनों के आकार का आपके बच्चे के लिंग से कोई लेना-देना नहीं है।
  7. एक सामान्य गर्भावस्था मिथक के अनुसार, गर्भ में लड़की आपकी त्वचा के सुंदर रंग को "छीन" लेगी और साथ ही आपके चेहरे पर मुँहासे छोड़ देगी। [7] सच बताएं तो, गर्भावस्था के दौरान मुंहासों के दिखने का शिशु के लिंग से कोई लेना-देना नहीं है और इसके पीछे का कारण केवल शरीर में होने वाले उस हार्मोनल परिवर्तन है, जो इस समय आपके शरीर में हो रहा है। [8]
    • यह जानते हुए कि इस दावे का समर्थन करने के लिए कोई चिकित्सीय साक्ष्य नहीं है, केवल मनोरंजन के लिए अपने पिंपल्स को देखकर यह अनुमान लगाने में कोई हर्ज़ नहीं होगा कि आपके घर में बेटी आने जा रही है।
  8. रूखे हाथों को लड़कों की निशानी कहा जाता है, जबकि कोमल हाथों को लड़कियों से जोड़ा जाता है। यह मिथक बिल्कुल भी सच नहीं है—गर्भावस्था के दौरान आपका शरीर कई परिवर्तनों से गुज़रता है, और शुष्क, खुजली वाली त्वचा एक बहुत ही सामान्य साइड इफेक्ट है। [9]
  9. कथित तौर पर, गर्भ में एक लड़का होने के कारण नमक यानि नमकीन चीजों की लालसा होती है, और एक लड़की होने के कारण मीठा खाने की इच्छा होती है। भले ही ये मिथक दिल खुश करने वाला है, इसमें कोई सच्चाई नहीं है। खाने की इच्छा होना, गर्भावस्था का एक बहुत ही सामान्य लक्षण है, लेकिन यह अक्सर शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों से संबंधित होता है। गुलाबजामुन के बजाय समोसा खाने की लालसा का शिशु के लिंग पर कोई असर नहीं पड़ता है। [10]
    • बशर्ते यदि आप इस मिथक पर गंभीरता से विश्वास नहीं कर रहे हैं, तो केवल मजे के लिए अपनी मीठी या नमकीन खाने की इच्छा के लिए अपने बच्चे को चंचलता से दोष देने में कुछ भी गलत नहीं है।
  10. कुछ लोग सोचते हैं कि पेट में लड़की होने से आप विशेष रूप से मूडी हो जाते हैं। [11] लेकिन ये पूरी तरह से झूठ है—क्योंकि मूड चेंज होना गर्भावस्था का एक स्वाभाविक हिस्सा है और यह बच्चे के लिंग का कोई प्रमाण नहीं है। [12]
    • गर्भावस्था में होने वाली अधिकांश भावनात्मक उथल-पुथल माता-पिता बनने के तनाव से आती है और इसका शिशु के लिंग से कोई लेना-देना नहीं है।
  11. कुछ लोगों का मानना ​​है कि प्राचीन चीनी और माया कैलेंडर (Mayan calendars) बच्चे के लिंग का निर्धारण कर सकते हैं। आप अपने बच्चे के गर्भधारण की तारीख और समय, दोनों कैलेंडर पर अपनी वर्तमान उम्र को क्रॉस-रेफरेंस करके अपने बच्चे के लिंग का "निर्धारण" कर सकती हैं। बेशक, इस बात का कोई प्रमाण नहीं है कि इनमें से कोई भी चार्ट काम करता है, लेकिन फिर भी इसे आजमाना मजेदार हो सकता है। [13]
    • आप चीनी और माया लिंग भविष्यवाणियां (gender predictors) ऑनलाइन पा सकते हैं।
  12. मिथक के अनुसार, होने वाली मां एक कप में यूरिन (pee) करती हैं और उसमें थोड़ा बेकिंग सोडा मिलाती हैं। एक बुदबुदाती प्रतिक्रिया (fizzing reaction) का मतलब है कि आपके गर्भ में लड़का है, जबकि गैर बुलबुले वाली प्रतिक्रिया का मतलब है कि आपके गर्भ में लड़की है। [14] इस बात का कोई सबूत नहीं है कि यह विधि वास्तव में काम करती है, लेकिन (जब तक आपको कप में यूरिन करने में कोई दिक्कत न हो) इसे आजमाने में कोई बुराई भी नहीं है।
  13. जिस तरह से आप फर्श से चाबी उठाते हैं, वह कथित तौर पर आपके बच्चे के लिंग का निर्धारण कर सकता है। मिथक ये है कि इसके घुमावदार ऊपरी भाग के द्वारा चाबी को पकड़ने का मतलब कि आपके गर्भ में एक लड़की है; इसे संकरे, नुकीले हिस्से से पकड़ने का मतलब है कि बच्चा लड़का है। वास्तव में इस पद्धति का कोई आधार नहीं है, लेकिन यदि आप जानने की इच्छा रखते हैं, तो इसे आजमाने में हर्ज नहीं होगा। [15]
    • इसी पुराने मिथक के अनुसार, चाबी को ठीक बीच में से पकड़ने का मतलब है कि आपको जुड़वाँ बच्चे होंगे।
  14. एक लड़के को जन्म देने वाली महिलाओं को कथित तौर पर लहसुन खाने के बाद बदबू आती है। यदि आप लहसुन का एक टुकड़ा खाती हैं और इसे खाने से दुर्गंध न आये तो इसका मतलब आपको बेटी होगी। बेशक, इस बात का कोई सबूत नहीं है कि यह विधि आपके बच्चे के लिंग का निर्धारण करने में आपकी मदद करेगी, लेकिन यदि आप फिर भी चाहते हैं, तो कोशिश करने में कोई बुराई नहीं है। [16]
    • लहसुन बहुत तेज होता है इसलिए इसकी एक कली खाने पर भी आपको लहसुन जैसी गंध आ सकती है। इसका आपके बच्चे के लिंग से कोई लेना-देना नहीं है।
  15. ऐसा कहा जाता है कि गर्भवती महिला के पेट पर ऊपर एक अंगूठी लहराने से बच्चे के लिंग का पता चल सकता है। इस परीक्षण में, कोई आपके बेबी बंप पर एक अंगूठी को घुमाता है। यदि अंगूठी एक रेखा में चलती है, तो आपको एक लड़का होना चाहिए; यदि ये गोल-गोल घूमती है, तो इसका मतलब कि आपको एक लड़की होने वाली है। इस बात का कोई सबूत नहीं है कि यह परीक्षण कुछ भी साबित करता है, लेकिन आप इसे मनोरंजन और मस्ती के लिए घर पर आजमा सकते हैं। [17]
  16. कथित तौर पर, अगर आपके जीवनसाथी का वजन बढ़ना शुरू हो गया है, तो आपका आने वाला बच्चा लड़का है। हालांकि अपनी पत्नी की गर्भावस्था के दौरान पति का वजन बढ़ना कोई असामान्य बात नहीं है, इसका बच्चे के लिंग से कोई लेना-देना नहीं है। [18] असल में, इसे आधिकारिक तौर पर कौवेड सिंड्रोम (Couvade Syndrome) के रूप में जाना जाता है और इसे "सहानुभूतिपूर्ण गर्भावस्था (sympathetic pregnancy)" के रूप में भी जाना जाता है।
विधि 2
विधि 2 का 2:

शिशु के लिंग का निर्धारण करने के वैज्ञानिक तरीके (Scientific Ways to Determine Sex)

आर्टिकल डाउनलोड करें
  1. एक गर्भवती माँ के रूप में, आप गर्भावस्था और बच्चे के विकास की निगरानी के लिए नियमित जांच के लिए अपने डॉक्टर के पास जाएँगी। 20 सप्ताह में, डॉक्टर अल्ट्रासाउंड को अधिक ध्यान से देख सकते हैं और जान सकते हैं कि बच्चा लड़की है या लड़का है, हालांकि ध्यान रखें कि आपके डॉक्टर आपको बच्चे के लिंग के बारे में कोई जानकारी नहीं देंगे [19]
    • 20वें सप्ताह में, डॉक्टर अल्ट्रासाउंड पर पुरुष या महिला जननांग (genitalia) के संकेतों को देखते हैं और इससे उन्हें आपके बच्चे के लिंग का निर्धारण करने में मदद मिलती है। [20]
    • यह शिशु के लिंग का निर्धारण करने का पक्का तरीका है।
  2. ये बच्चे के लिंग का निश्चित प्रमाण प्राप्त करने के लिए डीएनए परीक्षण एक गैर-इनवेसिव (non-invasive) तरीका है। गर्भधारण के कम से कम 9 सप्ताह की आयु के बाद, थोड़ी मात्रा में आपका रक्त लिया जाता है और वाई-क्रोमोसोम (Y-chromosome) की उपस्थिति के लिए रक्त की जाँच की जाती है। यदि रक्त परीक्षण वाई-गुणसूत्र की पुष्टि करता है, तो बच्चे को लड़का माना जा सकता है। यदि परीक्षण में Y-गुणसूत्र नहीं देखा जाता है, तो बच्चा संभवतः एक लड़की है। [21]
    • चिकित्सा पेशेवर इस बात से सहमत हैं कि यह प्रक्रिया पूरी तरह से सुरक्षित है और इससे बच्चे को कोई खतरा नहीं है।
    • भ्रूण डीएनए परीक्षण 98% सटीक हैं, इसलिए आप अपने डॉक्टर के परिणाम पर भरोसा कर सकते हैं।
  3. यद्यपि इसे स्पष्ट रूप से देखने के लिए गर्भावस्था के कम से कम 14-15 सप्ताह लगते हैं, कुछ चिकित्सा विशेषज्ञ जननांग के कोण का विश्लेषण करके, जिसे उस अवस्था में “नब (nub)”— भी कहा जाता है, भ्रूण के लिंग के बारे में शिक्षित अनुमान लगा सकते हैं। नब सिद्धांत के अनुसार, चपटे या नीचे की ओर मुख किए हुए जननांग एक लड़की का संकेत देते हैं, जबकि ऊपर की ओर मुख किए हुए जननांगों का अर्थ होगा कि आप एक लड़के की अपेक्षा कर रहे हैं। [22]
    • अध्ययनों से पता चला है कि नब सिद्धांत की सटीकता दर लगभग 87% है, इसलिए यह निर्धारित करने का एक काफी सुरक्षित तरीका है कि आपके गर्भ में लड़का है या लड़की।
  4. गंभीर मॉर्निंग सिकनेस यानि मितली, उल्टी महसूस होना: एक विशेष अध्ययन के अनुसार, जिन महिलाओं के गर्भ में बेटी होती है, उन्हें अक्सर अत्यधिक मतली और उल्टी के जैसे लक्षणों का अनुभव होता है, लेकिन यह डेटा 100% सटीक नहीं है। [23] अगर आप इसी तरह के लक्षणों का सामना कर रही हैं, तो ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि बच्चा लड़की है।
    • ध्यान रखें कि मॉर्निंग सिकनेस एक बहुत ही सामान्य लक्षण है, खासकर गर्भावस्था की शुरुआत में ऐसा होना नॉर्मल है। [24] मतली और उल्टी की गंभीरता अनिवार्य रूप से व्यक्ति पर निर्भर करती है और यह गारंटी नहीं देती है कि आपको बेटी या बेटा होगा। बहुत सी गर्भवती माताओं ने अपने गर्भ में लड़के के होने के बाद भी भयानक मॉर्निंग सिकनेस का अनुभव किया है!
    • कुछ लोग सोचते हैं कि मतली का अनुभव करना एक अस्वास्थ्यकर गर्भावस्था (unhealthy pregnancy) का संकेत है, लेकिन इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
  5. बहुत ज्यादा चीजें भूलने ने का मतलब यह हो सकता है कि आपको लड़की होने वाली है। एक अध्ययन के दौरान, कई गर्भवती महिलाओं को कई कठिन स्मृति और आयामी परीक्षण (spatial tests) करने के लिए कहा गया। सामान्य तौर पर, जिन महिलाओं के गर्भ में लड़का था, उन्होंने इन परीक्षणों में उन महिलाओं की तुलना में बेहतर स्कोर किया, जो एक लड़की की उम्मीद कर रही थीं। [25] इसलिए अगर आपको लगता है कि आपकी याददाश्त ठीक से काम नहीं कर रही है, तो संभावना है कि आप एक लड़की के साथ गर्भवती हैं।
    • आपकी स्मृति और शिशु के लिंग के बीच यह संबंध स्थापित करना हमेशा आसान नहीं होता है। इसके अलावा, कुछ लोगों के पास स्वाभाविक रूप से दूसरों की तुलना में बेहतर याददाश्त होती है; आपके बच्चे के लिंग का इससे कोई लेना-देना नहीं है।
  6. अतिरिक्त तनाव : कुछ अध्ययनों ने अत्यधिक तनाव को पेट में लड़की होने के साथ जोड़ा है। विशेष रूप से एक अध्ययन में, शोधकर्ताओं ने ऐसी गर्भवती महिलाओं को शामिल किया जिन्होंने शारीरिक या मनोवैज्ञानिक तनाव का अनुभव किया। इन महिलाओं ने लड़कों की तुलना में अधिक लड़कियों को जन्म दिया। [26] इसलिए, यदि आप अपनी गर्भावस्था के दौरान अधिक तनाव महसूस कर रही हैं, तो आपका बच्चा लड़की हो सकता है।
    • 21:20 के अनुपात में, लड़के (औसतन) लड़कियों की तुलना में अधिक सामान्य हैं। इस सीमित अध्ययन में मनोवैज्ञानिक रूप से तनावग्रस्त महिलाओं का लड़कों और लड़कियों को जन्म देने का अनुपात 3:2 था। शारीरिक रूप से तनावग्रस्त माताओं में लड़के और लड़कियों को जन्म देने का अनुपात 9:4 होता है।
  7. बहुत ज्यादा खाना इस बात का संकेत हो सकता है कि पेट में पल रहा बच्चा लड़का है। एक अध्ययन में, शोधकर्ताओं ने पाया कि एक लड़के को जन्म देने वाली माताओं ने एक लड़की को जन्म देने वाली माताओं की तुलना में 10% अधिक कैलोरी का सेवन किया। [27] अगर आपको ऐसा लगता है कि आप सामान्य से बहुत अधिक खा रही हैं, तो हो सकता है कि आपके गर्भ में लड़का हो।
    • ध्यान रखें कि भूख में वृद्धि गर्भावस्था के दौरान भूख का बढ़ना एक बहुत ही सामान्य लक्षण है और अधिक भूख लगना पेट में पल रहा बच्चा लड़की की तुलना में लड़का होने का कोई निर्णायक प्रमाण भी नहीं है। [28]
  8. एक अध्ययन ने भोजन के प्रति बढ़ी घृणा को गर्भवती महिला के पेट में लड़का होने से जोड़ा है। इस अध्ययन में, लड़कियों के साथ गर्भवती महिलाओं ने पहली तिमाही में भोजन के प्रति कम घृणा का अनुभव किया, जबकि लड़कों के साथ गर्भवती महिलाओं ने पहली और दूसरी तिमाही दोनों में भोजन से घृणा का अनुभव किया। [29] इसलिए, यदि आप अपनी गर्भावस्था के दौरान कुछ समय से मतली का अनुभव कर रही हैं, तो इसके पीछे का कारण ये हो सकता है कि आपके पेट में मौजूद बच्चा लड़का है।
    • गर्भावस्था की शुरुआत के दौरान भोजन के प्रति घृणा होना काफी आम है। [30] गर्भावस्था की पहली तिमाही के दौरान भोजन से घृणा का अनुभव करने से ये साबित नहीं हो जाता है कि आपके पेट में बच्चा लड़का है या लड़की।
  9. आपके साथी के भाई-बहन और अन्य रिश्तेदार आपको अपने बच्चे के लिंग के बारे में बता सकते हैं। शोधकर्ताओं के अनुसार, पिता का जीन पूल (gene pool) बच्चे के लड़का या लड़की होने की संभावना को प्रभावित करता है। [31] अपने साथी के वंश-वृक्ष की समीक्षा करें। यदि आपकी कई बहनें हैं, तो आपको एक लड़की होने की संभावना है। यदि उसके कई भाई हैं, तो आपके घर एक लड़के का जन्म हो सकता है।
    • हालांकि यह आपके बच्चे के लिंग का निर्धारण करने का एक निश्चित तरीका नहीं है, लेकिन यह संभावनाओं पर कुछ प्रकाश डालने का एक दिलचस्प तरीका हो सकता है।
  10. रामजी थ्योरी बच्चे के लिंग की पहचान करने के लिए प्लेसेंटा (placenta) के स्थान का उपयोग करती है। डॉ. साम रामजी इस्माली के अनुसार, यदि प्लेसेंटा बाईं ओर स्थित है, तो इसका मतलब है कि बच्चा लड़की है, जबकि दायीं ओर प्लेसेंटा होने का मतलब है कि बच्चा लड़का होगा। यह विधि माता-पिता को 6 सप्ताह में बच्चे के लिंग का निर्धारण करने की अनुमति देती है, लेकिन अब तक इसके समर्थन में अधिक शोध नहीं हुआ है। [32]
    • गर्भावस्था के कम से कम 9 सप्ताह तक बच्चे के जननांग ठोस रूप में नहीं बनते हैं, जिसका अर्थ है कि कुछ प्रसूति-विज्ञानी और स्त्री रोग विशेषज्ञ (OB/GYN doctors) इस सिद्धांत का समर्थन नहीं करते हैं।

चेतावनी

  • गर्भावस्था के बारे में लोकप्रिय मान्यताएं और मिथक आपके बच्चे के लिंग का अनुमान लगाने का एक मजेदार तरीका हो सकता है, लेकिन आपको उन्हें थोड़ा सावधानी के साथ और केवल मजेदार तरीके के रूप में लेना होगा। मूल रूप से, आपके बच्चे के लिंग को निश्चित रूप से जानने का एकमात्र तरीका मेडिकल स्कैन या चिकित्सा परीक्षण, जैसे कि अल्ट्रासाउंड या भ्रूण डीएनए विश्लेषण है।

संबंधित लेखों

  1. https://www.nct.org.uk/pregnancy/worries-and-discomforts/common-discomforts/gender-positions-and-cravings-pregnancy-truth-or-myth
  2. https://www.todaysparent.com/pregnancy/9-old-wives-tales-for-predicting-gender/
  3. https://americanpregnancy.org/healthy-pregnancy/pregnancy-health-wellness/mood-swings-during-pregnancy/
  4. https://rmccares.org/2020/08/11/pregnant-how-to-guess-if-youre-having-a-boy-or-a-girl/
  5. https://www.unitypoint.org/cedarrapids/infants-article.aspx?id=780967d6-a35a-4a13-9a8b-02bed57aa2db&title=Old+Wives+Tales+Gender+Predictions
  6. https://rmccares.org/2020/08/11/pregnant-how-to-guess-if-youre-having-a-boy-or-a-girl/
  7. https://www.pregnancymagazine.com/pregnancy/pregnancy-lifestyle/4-wacky-ways-to-predict-your-babys-sex
  8. https://rmccares.org/2020/08/11/pregnant-how-to-guess-if-youre-having-a-boy-or-a-girl/
  9. https://eirmc.com/blog/entry/boy-or-girl-wacky-pregnancy-myths-about-gender
  10. https://my.clevelandclinic.org/health/diagnostics/9704-pregnancy-prenatal-ultrasonography
  11. https://www.ncbi.nlm.nih.gov/pmc/articles/PMC3530251/
  12. https://services.nhslothian.scot/clinicalgeneticsservice/Information%20Leaflets/Documents/Predicting%20your%20baby%27s%20sex%20by%20testing%20fetal%20DNA%20in%20your%20blood.pdf
  13. https://utswmed.org/medblog/gender-prediction/
  14. https://pubmed.ncbi.nlm.nih.gov/30416162/
  15. https://www.mayoclinic.org/diseases-conditions/morning-sickness/symptoms-causes/syc-20375254
  16. https://pubmed.ncbi.nlm.nih.gov/15858424/
  17. https://www.cuimc.columbia.edu/news/stress-during-pregnancy-may-affect-babys-sex-risk-preterm-birth
  18. https://www.ncbi.nlm.nih.gov/pmc/articles/PMC161555/
  19. https://my.clevelandclinic.org/health/articles/9709-pregnancy-am-i-pregnant
  20. https://www.sciencedirect.com/science/article/abs/pii/S0031938414005496
  21. https://my.clevelandclinic.org/health/articles/9709-pregnancy-am-i-pregnant
  22. https://utswmed.org/medblog/it-boy-or-girl-fathers-family-might-provide-clue/
  23. https://www.contemporaryobgyn.net/view/relationship-between-placental-location-and-fetal-gender-ramzis-method

विकीहाउ के बारे में

सभी लेखकों को यह पृष्ठ बनाने के लिए धन्यवाद दें जो ८४,०४६ बार पढ़ा गया है।

यह लेख ने कैसे आपकी मदद की?